उत्तराखंडनैनीताल

नंदा देवी मेले में गुम हुआ महिला का पर्स आधे घंटे में बरामद

जन एक्सप्रेस/नैनीताल : नंदा देवी मेले में खरीदारी के दौरान गुम हुआ महिला का पर्स नैनीताल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज आधे घंटे में बरामद कर लिया। पर्स में करीब दो हजार रुपये की नकदी, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड समेत अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे।

जानकारी के अनुसार ज्योलिकोट निवासी दीपाली बोरा नंदा देवी मेले में खरीदारी करने पहुंची थीं। इसी दौरान उनका पर्स कहीं गुम हो गया। काफी तलाश के बाद भी पर्स नहीं मिलने पर उन्होंने मेला कंट्रोल रूम स्थित खोया-पाया केंद्र पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आसपास के संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की और दुकानदारों व अन्य लोगों से पूछताछ की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते करीब आधे घंटे में पर्स बरामद कर लिया गया। इसके बाद पर्स में मौजूद नकदी और दस्तावेज समेत समस्त सामान महिला को सुपुर्द कर दिया गया।

पर्स वापस मिलने पर दीपाली बोरा ने नैनीताल पुलिस का आभार जताया। कार्रवाई एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में की गई।

पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल शिवेंद्र बोरा, कांस्टेबल हरीश प्रसाद, महिला कांस्टेबल पूजा चौधरी और महिला कांस्टेबल नीतू चंदोला शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button