
जन एक्सप्रेस /सितारगंज :- उत्तराखंड आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन की ओर से साप्ताहिक हड़ताल के तहत मंगलवार को सितारगंज स्वास्थ्य केंद्र में धरना दिया गया। इस दौरान आशा वर्कर्स ने राज्य कर्मचारी का दर्जा देने, न्यूनतम वेतन लागू करने, पेंशन की सुविधा और प्रतिमाह श्रम राशि का भुगतान करने समेत विभिन्न मांगें उठाईं।
जिला उपसचिव अनिता अन्ना ने कहा कि आशाओं से स्वास्थ्य विभाग के साथ ही अन्य विभागों के कई कार्य कराए जाते हैं, लेकिन उन्हें अभी तक कर्मचारी का दर्जा और न्यूनतम वेतन नहीं दिया गया है। उन्होंने बताया कि यूनियन की ओर से 22 नवंबर को देहरादून कूच कर मांगों को लेकर आंदोलन किया जाएगा।
ब्लॉक महामंत्री शर्मिन सिद्दकी ने वर्ष 2021 में किए गए वादों को पूरा करने, अस्पतालों में स्टाफ की कमी दूर करने, आशा घर बनाए जाने और आशाओं की मनमानी छंटनी पर रोक लगाने की मांग की।
धरने में अनिता अन्ना, शर्मिन सिद्दकी, भावना बिष्ट, यशोदा देवी, इंद्रावती, हेमंती नेगी, खुशनुमा और पूनम शर्मा समेत बड़ी संख्या में आशा वर्कर्स मौजूद रहीं।






