ईवीएम-वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच पांच से 11 अक्टूबर तक

जन एक्सप्रेस/रुद्रप्रयाग :- विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जनपद में ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) पांच से 11 अक्टूबर तक की जाएगी। एफएलसी ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस, बहुद्देशीय क्रीड़ा भवन के निकट अगस्त्यमुनि में होगी। निर्वाचन आयोग से आए अभियंता और तकनीकी टीम भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मशीनों की जांच करेंगे।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि एफएलसी प्रतिदिन सुबह नौ बजे से शाम सात बजे तक होगी। सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी प्रक्रिया निर्धारित समय के अनुसार जारी रहेगी। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अधिकतम दो-दो अधिकृत प्रतिनिधि प्रतिदिन एफएलसी प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।
प्रतिनिधियों के प्रवेश पास जारी करने के लिए राजनीतिक दलों को अपने अधिकृत प्रतिनिधियों का विवरण 30 सितंबर तक जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध कराना होगा। विवरण के साथ प्रतिनिधि के दो नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, नाम, मोबाइल नंबर, पिता/पति का नाम, पूरा पता और आधार कार्ड अथवा मतदाता पहचान पत्र की छायाप्रति देनी होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि एफएलसी में राजनीतिक दल महत्वपूर्ण हितधारक हैं। प्रतिनिधियों की मौजूदगी से प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में सहयोग मिलेगा। एफएलसी पूरी होने के बाद मॉक पोल की तिथि की सूचना राजनीतिक दलों को अलग से दी जाएगी।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की भी जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में एसआईआर का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। तीन अक्टूबर को शुद्ध अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा।






