
जन एक्सप्रेस/खटीमा : ऑपरेशन प्रहार के तहत खटीमा पुलिस ने न्यायालय से लंबे समय से फरार चल रहे एक वारंटी अभियुक्त को पीलीभीत स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कुलजीत सिंह पुत्र ज्ञान सिंह, निवासी भूड़ा मढैय्या, थाना अमरिया, जिला पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक कुलजीत सिंह को वर्ष 2023 में पोलीगंज रेलवे स्टेशन के पास कथित तौर पर अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ खटीमा कोतवाली में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जमानत पर रिहा होने के बाद वह न्यायालय में पेश नहीं हुआ, जिसके चलते एसीजेएम खटीमा न्यायालय से उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था।
चौकी सत्रहमील मझौला पुलिस ने 20 सितंबर को अभियुक्त के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक किशोर पंत, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल उमेश जोशी शामिल रहे।
