
जन एक्सप्रेस/ उत्तरकाशी: विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के राष्ट्रव्यापी ‘नशामुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत रविवार को उत्तरकाशी जनपद में विभिन्न शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और सार्वजनिक स्थलों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के युवाओं के नाम नशामुक्त भारत विषयक वर्चुअल संबोधन का सामूहिक श्रवण कराया गया।
कार्यक्रम में युवाओं, विद्यार्थियों, शिक्षकों, समाजसेवियों, व्यापारियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान लोगों ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
मंजीरा देवी विश्वविद्यालय में हुआ मुख्य कार्यक्रम
जनपद का मुख्य कार्यक्रम मंजीरा देवी विश्वविद्यालय, हीटाणु (धनारी), विकासखंड डुण्डा में दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुआ। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री का संदेश सुना।
विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति को लेकर जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिसर को पूर्णतः धूम्रपान एवं नशामुक्त बनाए रखने तथा विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में व्यापक जनजागरण चलाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
14 अगस्त तक चलेगा जागरूकता अभियान
विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री कीर्ति सिंह महर और बजरंग दल के जिला संयोजक सचेन्द्र परमार ने बताया कि 2 अगस्त से 14 अगस्त, अखंड भारत दिवस तक जनपद के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं में नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समाज और भावी पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए जनसहयोग जरूरी है और बजरंग दल इस दिशा में लगातार कार्य करेगा।
विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अजय प्रकाश बडोला ने कहा कि जनपद में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए सामाजिक जागरूकता को इसके खिलाफ प्रभावी उपाय बताया।
गायत्री परिवार ने भी नशामुक्ति अभियान में सहभागिता की
अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के जिला ब्लॉक समन्वयक आचार्य डॉ. मुरली मनोहर भट्ट ने बताया कि गायत्री परिवार द्वारा भारत सरकार के सहयोग से देशभर में व्यसनमुक्ति एवं नशा उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत नशामुक्ति संकल्प पत्र भरवाए जा रहे हैं और समाज में नैतिक जागरण का वातावरण तैयार किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कई संस्थानों में हुआ पीएम मोदी के संबोधन का प्रसारण
नगर क्षेत्र के संस्कृत महाविद्यालय, रामचन्द्र स्नातक महाविद्यालय उत्तरकाशी और गंगोत्री फिजिकल अकादमी सहित कई संस्थानों में प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन का सामूहिक प्रसारण किया गया।
गंगोत्री फिजिकल अकादमी के मुख्य व्यवस्थापक चंद्र मोहन पंवार ने कहा कि अकादमी का उद्देश्य युवाओं को रोजगार, अनुशासन और स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि संस्था विश्व हिंदू परिषद–बजरंग दल के नशामुक्ति अभियान को आगे भी सहयोग देती रहेगी।
पुलिस ने भी लोगों से सहयोग की अपील की
कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग की ओर से उपस्थित अजयश्री सिंह ने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक और मानसिक समस्या है। इससे मुक्ति के लिए परिवार, समाज और पुलिस प्रशासन को मिलकर काम करना होगा।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं नशे के अवैध कारोबार की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
नशामुक्त उत्तरकाशी का लिया संकल्प
अभियान को सफल बनाने में कुणाल सहदेव, अनंकपाल सिंह बिष्ट, धर्मेन्द्र पंवार, मुनेन्द्र सिंह रावत, मान सिंह गुसाईं, राणा उमेद सिंह चौहान और राजपाल सिंह पंवार सहित विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के अनेक कार्यकर्ताओं का योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे, समाज को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे और नशामुक्त उत्तरकाशी तथा विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
-सीपी बहुगुणा






