पुलिस का महिलाओं को संदेश: अब डरो मत, बोलो खुलकर!
मिशन शक्ति 5.0: सड़क पर उतरी महिला सुरक्षा की 'शक्ति दीदी'!

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट: जनपद में “मिशन शक्ति अभियान-5” के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर पुलिस प्रशासन ने व्यापक स्तर पर अभियान चलाया। 21 मई 2025 को पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देशन और मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी क्षेत्राधिकारी राजापुर जयकरन सिंह के पर्यवेक्षण में जिले के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों व ‘शक्ति दीदी’ ने सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक भ्रमण किया।
इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा संबंधी उपायों जैसे—UP-112, महिला पावर लाइन 1090, यूपी कॉप ऐप, 181 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा, 108 एम्बुलेंस सेवा और 1930 साइबर हेल्पलाइन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही सभी थानों पर स्थापित महिला हेल्पडेस्क के बारे में भी बताया गया जहां महिला पुलिसकर्मियों द्वारा शिकायतों का समाधान किया जाता है।
भ्रमण के दौरान टीमों ने चौराहों, बाज़ारों, स्कूल-कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया। संदिग्ध तत्वों से पूछताछ की गई और मनचलों को चेतावनी दी गई। महिलाओं को आत्मनिर्भर और निर्भीक बनने हेतु प्रेरित करते हुए पंपलेट वितरित किए गए और सोशल मीडिया के सुरक्षित प्रयोग को लेकर भी जागरूक किया गया। मिशन शक्ति के इस चरण में पुलिस का उद्देश्य महिलाओं को न केवल सुरक्षा देना है बल्कि उन्हें सशक्त बनाना भी है।