:जौनपुरUP Breaking NewsUP POLICEUPPOLICEउत्तर प्रदेश

कोर्ट के आदेश के बाद भी नहीं लौटा रहा पुलिस जब्त माल, पीड़ित के चक्कर जारी

जन एक्सप्रेस।जौनपुर सरपतहां थाना क्षेत्र का मामला, दो मोबाइल और 23,400 रुपये अब तक नहीं हुए सुपुर्द
जौनपुर। जिले के सरपतहां थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां न्यायालय के स्पष्ट आदेश के बावजूद पुलिस द्वारा जब्त माल पीड़ित को वापस नहीं किया जा रहा है। पीड़ित नरसिंह बहादुर बीते कई दिनों से थाने के चक्कर काटने को मजबूर है, लेकिन उसे अब तक न्याय नहीं मिल सका है।
दरअसल, मु.अ.सं. 207/2023 के तहत दर्ज चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और 23,400 रुपये नकद बरामद किए थे। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि बरामद सामान पीड़ित के घर से चोरी हुआ था। इसके बाद पीड़ित ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर अपने सामान की वापसी की मांग की।
मामले की सुनवाई करते हुए अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) न्यायालय ने सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आदेश जारी किया कि बरामद दो मोबाइल और 23,400 रुपये पीड़ित को सुपुर्द किए जाएं। इसके लिए अदालत ने 30,000 रुपये के व्यक्तिगत बंधपत्र और शर्तों के साथ माल रिलीज करने का निर्देश भी दिया।
इसके बावजूद आरोप है कि सरपतहां पुलिस आदेश का पालन करने में लापरवाही बरत रही है। पीड़ित का कहना है कि वह रोज थाने का चक्कर लगा रहा है, लेकिन हर बार उसे टाल दिया जाता है।
इस पूरे मामले ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। न्यायालय के आदेश के बाद भी कार्रवाई न होना न केवल सिस्टम की उदासीनता को दर्शाता है, बल्कि पीड़ित के अधिकारों का भी हनन है। अब देखना होगा कि उच्च अधिकारी इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button