उत्तर प्रदेशबाराबंकी

परिवार कल्याण कार्यक्रम की उपलब्धियां नहीं संतोषजनक, जागरूकता के लिए निकाली गई रैली 

जन एक्सप्रेस/संवाददाता 

बाराबंकी। परिवार कल्याण कार्यक्रम के मिशन परिवार विकास योजना के अंतर्गत शहर स्थित सीएमओ कार्यालय से एक सारथी जागरूकता वाहन रैली निकाली गई। जिसे हरी झंडी दिखाकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अवधेश यादव ने रवाना किया। इस मौके पर सीएमओ डॉ अवधेश यादव ने बताया कि जनपद एवं विकास खंड स्तर पर आम जनता के मध्य देश की बढ़ती जनसंख्या के संबंध में जागरूकता लाने के लिए तथा आम जनमानस को परिवार नियोजन की विभिन्न विधियों को अपनाने के लिए प्रेरित करने हेतु सारथी जागरूकता वाहन चलाया जा रहा है।

जनपद में परिवार कल्याण कार्यक्रम की वर्तमान उपलब्धियां संतोषजनक नहीं है। प्रदेश की अपेक्षित सकल प्रजनन दर के अनुसार ही जनपद की सकल प्रजनन दर प्राप्त किए जाने के दृष्टिकोण से इस कार्यक्रम को विशेष महत्व दिया जा रहा है। इस रैली में जनपद में सभी प्रमुख स्थलों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, अर्बन स्लम्स, झुग्गी-झोपड़ी सहित बाजारों में रुक कर परिवार नियोजन के विभिन्न उपायों का प्रचार प्रसार किया गया।

यह प्रचार वाहन जनपद के सभी विकास खंडों में पहुंचकर परिवार नियोजन के बारे में बताएगा। इस वाहन के लिए एक प्रभारी अधिकारी नामित किया जाएगा जो इस वाहन के साथ अपने विकासखंड क्षेत्र में उपस्थित रहकर विभिन्न स्थलों पर प्रचार-प्रसार की व्यवस्था कराएगा।इस वाहन द्वारा आम जनमानस को परिवार नियोजन संबंधी विभिन्न विधियों की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से प्रचार-प्रसार सामग्री भी वितरित की जाएगी। इस मौके पर नोडल अधिकारी परिवार कल्याण डॉ संजय बाबू, डॉ विनोद कुमार, डॉ पंकज, डॉ राजीव दीक्षित, वेद प्रकाश पांडेय, जिला प्रबंधक मोहम्मद इमरान, जुबेर अंसारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button