उत्तराखंडदेहरादून

कैंची धाम में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड भीड़

सीएम धामी ने दिए बेहतर प्रबंधन के निर्देश

जन एक्सप्रेस देहरादून(उत्तराखण्ड) : प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कैंची धाम मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में उच्च स्तरीय बैठक के दौरान मेले के सुव्यवस्थित संचालन हेतु तात्कालिक, मध्यकालिक और दीर्घकालिक योजनाएं बनाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के संचालन में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उन्होंने कहा कि तात्कालिक उपायों से मेले की वर्तमान व्यवस्थाओं को तुरंत सुदृढ़ किया जाए, वहीं दीर्घकालिक दृष्टिकोण से स्थायी प्रबंधन प्रणाली विकसित की जाए जिससे भविष्य में भी श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिल सके।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने सेनेटोरियम से भवाली पेट्रोल पंप तक लगभग तीन किलोमीटर मार्ग पर जारी कटिंग कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए ताकि यातायात व्यवस्था और सुगम हो सके।

24 लाख श्रद्धालु पहुंचे कैंची धाम
बैठक में जिलाधिकारी नैनीताल वंदना सिंह ने जानकारी दी कि पिछले वर्ष कैंची धाम में लगभग 24 लाख श्रद्धालु पहुंचे थे, जबकि इससे पूर्व के वर्षों में यह संख्या औसतन 8 लाख के आसपास थी। इस वर्ष इस संख्या में और वृद्धि की संभावना है, जिसे ध्यान में रखते हुए समुचित तैयारी की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। साथ ही पार्किंग, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधा, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक मैनेजमेंट जैसे सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button