हरदोई में नाबालिग बेटी के अपहरण केस में सुलह से इनकार, पिता पर बांके से जानलेवा हमला

जन एक्सप्रेस/हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां नाबालिग बेटी के अपहरण मामले में समझौता न करने पर एक पिता पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना हरियावां थाना क्षेत्र के भदेउरा गांव की बताई जा रही है। घायल व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, 50 वर्षीय संजय गुरुवार को खेत पर गए हुए थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और बांका व लोहे की पाइप से हमला कर दिया। हमलावरों ने संजय के सिर, हाथ और पैरों पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद आरोपियों ने उन्हें खेत में ही मरा समझकर छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए।
परिजनों को जब घटना की जानकारी मिली तो घायल संजय को तुरंत हरियावां सीएचसी ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल College रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
घायल के भतीजे अनिल ने बताया कि करीब सात साल पहले गांव के छोटे खान पर संजय की नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अगवा करने का आरोप लगा था। इस मामले में पीड़ित पिता ने थाना हरियावां में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने उस समय किशोरी को बरामद कर लिया था और मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।
परिजनों का आरोप है कि पुराने मुकदमे में लगातार समझौते का दबाव बनाया जा रहा था, लेकिन संजय समझौते के लिए तैयार नहीं थे। इसी रंजिश के चलते छोटे, जावेद और जुनैद ने उन पर हमला किया।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों को गांव के प्रधान का संरक्षण प्राप्त है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





