उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

पूर्वजो का सम्मान व परम्पराएं ही असली भारत की पहचान है :-मनोज पांडेय

कैबिनेट मंत्री ने कहा जो कभी प्रभु राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे,आज वही राम नाम का जप कर रहे हैं

जन एक्सप्रेस/हरदोई:  कस्बे के आर. के. पांडेय मैरिज लॉन में शुक्रवार की शाम को समाजसेवी स्वर्गीय रवींद्र पांडेय की 12वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पांडेय, विशिष्ट अतिथि जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ‘बब्बन’, क्षेत्रीय विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह ‘रानू’ और आरएसएस के विभाग प्रचारक राहुल ने स्व. पांडेय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर स्व. पांडेय की स्मृति में सामाजिक सरोकार निभाते हुए दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर तथा जरूरतमंदों को वस्त्र वितरित किए गए।

सभा को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह ‘रानू’ ने स्व. रवींद्र पांडेय के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन सदैव समाज सेवा और गरीब-वंचितों के कल्याण के लिए समर्पित रहा। उनके पदचिह्नों पर चलकर जनसेवा करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय ने पूर्वजों के सम्मान और परंपराओं को भारत की असली ताकत बताया। विरोधी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, “जो लोग कभी प्रभु श्री राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, रामचरितमानस का अपमान करते थे और जिन्होंने कारसेवकों पर गोलियां चलवाकर सरयू के जल को लाल कर दिया था, आज वही लोग राम नाम जप रहे हैं। ‘मुंह में राम, बगल में छुरी’ की नीति अपनाने वाले इन लोगों के रूप बदलने के तरीके को देखकर तो सतयुग का मारीच भी शर्मा जाए।”मंदिर के चढ़ावा चोरी के मामले पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत एसआईटी जांच के निर्देश देकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। नीट परीक्षा विवाद पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि देश के मेधावी छात्र ही भारत का भविष्य हैं। केंद्र सरकार ने परीक्षा में आई कमियों पर तत्काल कड़ा संज्ञान लिया। छात्रों के हित को सर्वोपरि रखते हुए पारदर्शी तरीके से पुनः परीक्षा कराई गई और परिणाम घोषित किए गए। उन्होंने आगाह किया कि कुछ असामाजिक तत्व और राजनीतिक विरोधी भेड़ियों की तरह घात लगाए बैठे हैं, जो छात्रों के आंदोलन को भटकाने तथा इसे जाति व धर्म में बांटने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि योगी सरकार की कड़ी कानून-व्यवस्था के कारण राज्य अपराध मुक्त हुआ है, जहाँ बेटियां रात 12 बजे भी सुरक्षित आवागमन कर सकती हैं। आज यूपी सबसे अधिक एक्सप्रेस-वे और औद्योगिक इकाइयों वाला समृद्ध राज्य बन चुका है।कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ‘बब्बन’, धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘सेनानी’, राजेश अग्निहोत्री तथा कमलाकांत बाजपेई प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन अमित पांडेय, सुमित पांडेय एवं मधुबाला पांडेय द्वारा किया गया, जबकि मंच का कुशल संचालन राकेश मिश्र ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button