उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

चकबंदी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, डीएम ने 97 गांवों की प्रगति की की समीक्षा

जन एक्सप्रेस /जौनपुर: जौनपुर जनपद में चकबंदी कार्यों को गति देने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने चकबंदी प्रक्रियाधीन 97 गांवों की अधिकारीवार विस्तृत समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि लंबित वादों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से धारा-9 से संबंधित आपत्तियों के निस्तारण के लिए गांवों में कैंप लगाकर समयबद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने चकबंदी कार्यों में अनावश्यक विलंब पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और चकबंदी की प्रगति में तेजी लाएं, ताकि किसानों को समय पर राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि चकबंदी प्रक्रिया में पारदर्शिता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे भविष्य में विवाद की स्थिति न उत्पन्न हो।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, उप संचालक चकबंदी रामकिशोर, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी शैलेश कुमार पांडे सहित चकबंदी विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button