
जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी भटवाड़ी तहसील अंतर्गत दयारा बुग्याल ट्रैक क्षेत्र में लापता हुई महिला की खोज एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में विभिन्न विभागों और एजेंसियों द्वारा समन्वित रूप से व्यापक सर्च एवं रेस्क्यू अभियान संचालित किया जा रहा है।
प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार दयारा बुग्याल ट्रैक क्षेत्र की दुर्गम एवं चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए खोज अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) उत्तरकाशी की टीम को भी मौके पर भेजा गया है। एनआईएम की विशेषज्ञ टीम द्वारा ट्रैक क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
लापता महिला की तलाश में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), वन विभाग, पुलिस विभाग, राजस्व विभाग, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) तथा जिला आपदा प्रबंधन की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) सहित कई एजेंसियों के अधिकारी और कर्मचारी जुटे हुए हैं।
प्रशासन द्वारा क्षेत्र में उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग करते हुए सर्च ऑपरेशन को लगातार जारी रखा गया है। कठिन पर्वतीय भूभाग और मौसम की चुनौतियों के बावजूद राहत एवं बचाव दल संभावित क्षेत्रों में लगातार तलाश कर रहे हैं।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने संबंधित विभागों को अभियान में पूरी गंभीरता और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि महिला की सुरक्षित तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक कोई ठोस जानकारी प्राप्त नहीं हो जाती।
स्थानीय प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा भी की जा रही है।




