हरदोई बीएसए कार्यालय से 61 शिक्षकों की चयन पत्रावलियां लापता, वरिष्ठ सहायक पर मुकदमा दर्ज

जन एक्सप्रेस/ हरदोई: हरदोई के बेसिक शिक्षा विभाग में 61 चयनित शिक्षकों की मूल चयन पत्रावलियां लापता होने का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। मामले में बीएसए कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक अनुपम मिश्र के विरुद्ध कोतवाली शहर में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई प्रधान सहायक शिवनिवास मिश्र की शिकायत पर की गई है।
पुलिस के अनुसार मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 198 के तहत दर्ज किया गया है। शिकायत में बताया गया है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में जिले के लिए 64 अभ्यर्थियों की अनंतिम चयन सूची जारी की गई थी। इनमें से 61 अभ्यर्थियों ने अपने मूल दस्तावेजों का सत्यापन कराया था, जिनकी पत्रावलियां विभागीय अभिलेख के रूप में सुरक्षित रखी गई थीं।
नई तैनाती से पहले अभिलेख न सौंपने का आरोप
जानकारी के अनुसार 30 मार्च 2026 को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), हरदोई में विज्ञान एवं गणित विषय के चयनित शिक्षकों की काउंसलिंग, विद्यालय आवंटन और नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की गई थी। इस प्रक्रिया से संबंधित मूल पत्रावलियां प्रारंभ में पटल सहायक शिवनिवास मिश्र के पास थीं, जिन्हें बाद में विभागीय निर्देश पर वरिष्ठ सहायक अनुपम मिश्र को सौंप दिया गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मई 2026 में जनगणना कार्यालय में संबद्ध किए जाने के बाद अनुपम मिश्र ने नई तैनाती पर जाने से पहले संबंधित पत्रावलियां विभाग को वापस नहीं सौंपीं। विभाग की ओर से कई बार मौखिक और लिखित रूप से अभिलेख लौटाने को कहा गया, लेकिन दस्तावेज वापस नहीं मिले।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली शहर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि चयन प्रक्रिया से जुड़े ये सरकारी दस्तावेज अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और इनके गायब होने के कारणों की गहन जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले जिलाधिकारी के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने बीएसए कार्यालय का निरीक्षण किया था। उस दौरान पाठ्यपुस्तकों की गुणवत्ता की जांच की गई थी, जिसमें कोई अनियमितता नहीं मिली थी। अब पुलिस और प्रशासन दोनों मिलकर लापता पत्रावलियों की तलाश और पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटे हैं।





