
जन एक्सप्रेस / उत्तरकाशी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को सफल बनाने तथा मतदाताओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद उत्तरकाशी के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं कर्मचारी उत्साहपूर्वक भाग लेकर मतदाता सूची के शुद्धीकरण और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने का संकल्प ले रहे हैं।अभियान के दौरान प्रतिभागियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संकलन करेंगे। इस दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।निर्वाचन विभाग की ओर से यह भी जानकारी दी गई कि यदि कोई मतदाता पहली बार घर पर नहीं मिलता है, तो संबंधित बीएलओ उसके घर पर तीन बार संपर्क करने का प्रयास करेगा। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाना है।मतदाताओं को यह भी बताया गया कि वे निर्वाचन आयोग के मोबाइल एप्लिकेशन अथवा आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से गणना प्रपत्र डाउनलोड कर स्वयं ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त “बीएलओ से वार्ता हेतु समय निर्धारित करें” सुविधा के माध्यम से अपने बूथ स्तरीय अधिकारी से सीधे संपर्क स्थापित करने की सुविधा भी उपलब्ध है।
जिला स्वीप प्रभारी डॉ. शम्भू प्रसाद नौटियाल ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी नागरिकों से मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने तथा बूथ स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए आवश्यक है।अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और नागरिकों में निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा मतदान के महत्व को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।




