उत्तराखंडपुरोला

पुरोला में विशेष सघन पुनरीक्षण कार्यशाला आयोजित

कर्मचारियों को दी गई विस्तृत जानकारी

जन एक्सप्रेस/ पुरोला: मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत सोमवार को पुरोला तहसील सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मतदाता सूची के अद्यतन, शुद्धिकरण, नामांकन तथा जनगणना प्रपत्रों के वितरण एवं संकलन की प्रक्रिया पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यशाला में पुनरीक्षण कार्यक्रम से जुड़े बीएलओ, शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, राजस्वकर्मी तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारी शामिल हुए। अधिकारियों ने प्रतिभागियों को वर्ष 2003 की मतदाता सूची से वर्तमान मतदाता सूची तक के अभिलेखों का गहन निरीक्षण कर नियमों के अनुसार शुद्धिकरण, नामांकन और अन्य प्रक्रियाओं को प्रभावी ढंग से संपादित करने की जानकारी दी।

प्रशिक्षकों ने जनगणना प्रपत्रों के वितरण और संकलन के साथ-साथ मतदाताओं द्वारा भरे जाने वाले प्रपत्रों की डिजिटल ऑनलाइन प्रक्रिया, दस्तावेजीकरण और क्रियान्वयन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से मार्गदर्शन किया। अधिकारियों ने बताया कि विशेष सघन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है।

कार्यशाला में एसआईआर (Special Intensive Revision) के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि घर-घर जाकर मतदाता संबंधी प्रपत्र भरने, आवश्यक दस्तावेज एकत्र करने तथा डिजिटल माध्यम से जानकारी अपडेट करने की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। प्रतिभागियों को यह भी बताया गया कि किसी प्रकार की समस्या होने पर उपलब्ध प्रपत्रों के अलावा बीएलओ ऐप, वोटर हेल्प ऐप (Voter Helpline App) तथा निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

अधिकारियों ने कहा कि इन डिजिटल माध्यमों के जरिए मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़ी आवश्यक सूचनाएं, प्रपत्र और दिशा-निर्देश आसानी से प्राप्त किए जा सकते हैं, जिससे कार्य निष्पादन में पारदर्शिता और गति आएगी।

कार्यक्रम में जिला निर्वाचन कार्यालय से खुशपाल सिंह भंडारी, ज्योति राणा, ओम प्रकाश नेगी, मनोज सेमवाल, अनुज रावत, बीरेंद्र कुमार, वीरेश कुमार और सुभाष सहित विधानसभा क्षेत्र में नियुक्त बीएलओ और अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button