
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :-नई टिहरी में क्लीन हिमालय, ग्रीन हिमालय के बैनर तले छात्र-छात्राओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पुतले की शवयात्रा निकालकर उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हिरासत में लिए जाने की घटना की भी कड़ी निंदा की गई।
छात्र-छात्राएं साईं चौक पर एकत्र हुए, जहां से उन्होंने शिक्षा मंत्री के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू किया। इसके बाद साईं चौक से गणेश चौक तक पुतले की शवयात्रा निकाली गई। गणेश चौक में आयोजित आमसभा में वक्ताओं ने कहा कि नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि विद्यार्थी वर्षों तक कठिन मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत और सपनों पर पानी फेर देती हैं। उन्होंने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग करते हुए केंद्र सरकार की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।
प्रदर्शनकारियों ने सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हिरासत में लिए जाने की घटना को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए इसकी आलोचना की। उनका आरोप था कि सरकार शांतिपूर्ण आंदोलनों को दबाने का प्रयास कर रही है।
प्रदर्शन में क्षेत्र पंचायत सदस्य रविंद्र सिंह रावत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य हितेश चौहान, दिव्यांशु रावत, छात्रसंघ सचिव अमन सुयाल, नैतिक, आयुष, अनुज, निशांत, शंकर नेगी, दीपक, आदित्य भट्ट, हार्दिक उनियाल, शुभम, अंशु कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।






