महाकुम्भनगर

महाकुंभ में पहली बार मिलेगी टेली आईसीयू की सुविधा

महाकुंभ में टेली आईसीयू 10 बेड का होगा, वहीं महाकुंभ में करीब छह हजार बेड की व्यवस्था की जा रही है। इस व्यवस्था को महाकुंभ में बन रहे अस्पताल में स्थापित किए जाने वाले आईसीयू के ही एक हिस्से में बनाया जा रहा है

जन एक्सप्रेस/लखनऊ। महाकुंभ में पहली बार टेली आईसीयू की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। यह टेली आईसीयू 10 बेड का होगा। इसमें गंभीर मरीजों के इलाज में पीजीआई लखनऊ में बैठे विशेषज्ञ मददगार बनेंगे।

इस व्यवस्था को महाकुंभ में बन रहे अस्पताल में स्थापित किए जाने वाले आईसीयू के ही एक हिस्से में बनाया जा रहा है। वहीं महाकुंभ में करीब छह हजार बेड की व्यवस्था की जा रही है ताकि वहां आने वाले श्रद्धालुओं को इलाज की दृष्टि से कोई असुविधा न हो। प्रयागराज में 13 जनवरी से आरंभ हो रहे महाकुंभ में स्वास्थ्य विभाग खास इंतजामों में जुटा है।

प्रदेश के पांच मेडिकल कॉलेजों में टेली आईसीयू की सुविधा 

राजधानी लखनऊ स्थित संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) द्वारा प्रदेश के पांच मेडिकल कॉलेजों में टेली आईसीयू की सुविधा का संचालन किया जा रहा है। इनमें गोरखपुर, आगरा, कानपुर, मेरठ और झांसी के मेडिकल कॉलेज शामिल हैं। इस सुविधा की शुरुआत गत माह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एसजीपीजीआई से की थी। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का कहना है कि टेली आईसीयू की यही सुविधा इस बार महाकुंभ में भी उपलब्ध कराई जाएगी।

यूं तो महाकुंभ में बड़ी संख्या में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की गई है। इसके बावजूद यदि किसी व्यक्ति को इलाज में विशेषज्ञ के परामर्श की आवश्यकता होगी तो यह सुविधा उसे टेली आईसीयू के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। एसजीपीजीआई के विशेषज्ञ महाकुंभ के अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों की मदद से उस मरीज का इलाज करेंगे। बता दें कि प्रदेश के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी टेली मेडिसिन की सुविधा स्वास्थ्य विभाग पहले से उपलब्ध करा रहा है।

यह भी पढ़े:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button