जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला पुस्तकालय समिति की बैठक, छात्रों से संवाद कर नगर पालिका अध्यक्ष ने दिया प्रेरणादायी संदेश

जन एक्सप्रेस /महराजगंज।जिले में शैक्षणिक वातावरण को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रेरणादायी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मुख्यालय कलेक्ट्रेट स्थित बुद्धा सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला पुस्तकालय समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने सक्रिय सहभागिता करते हुए पुस्तकालयों की वर्तमान व्यवस्था, पाठक सुविधाओं तथा विद्यार्थियों के अध्ययन स्तर को बेहतर बनाने को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।बैठक के दौरान जिला पुस्तकालयों में संसाधनों की वृद्धि, आधुनिक सुविधाओं के विस्तार, नवीन पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित करने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। समिति के सदस्यों ने जिले के पुस्तकालयों को ज्ञान, शोध और बौद्धिक विकास के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।बैठक के उपरांत नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल राजकीय जिला पुस्तकालय पहुँचीं, जहाँ उन्होंने अध्ययनरत विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन और पुस्तकों के महत्व से अवगत कराया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुस्तकालय केवल किताबों का संग्रह नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव होते हैं।
डॉ. मंगल ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निरंतर अध्ययन और सकारात्मक सोच से ही लक्ष्य की प्राप्ति संभव है। कार्यक्रम के दौरान पुस्तकालय समिति के सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस आयोजन के माध्यम से जिले में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बौद्धिक विकास को नई दिशा देने का सशक्त संदेश दिया गया।






