जनपद में मोहर्रम का त्योहार सकुशल और शांतिपूर्ण सम्पन्न
प्रशासन और पुलिस की सतर्कता से सौहार्दपूर्ण वातावरण में निकले ताजिए

जन एक्सप्रेस कौशांबी (आकाश मिश्रा) :जनपद में मोहर्रम का त्योहार परंपरा, श्रद्धा और सौहार्द के साथ सम्पन्न हुआ। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से ताजियों के जुलूस परंपरागत मार्गों से निकले, जिनमें अनुशासन और समरसता की मिसाल देखने को मिली। त्योहार की सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन व पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा।
त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों का लगातार पैदल गश्त व भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर तैनात अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और ताजियादारों व संभ्रांत नागरिकों से संवाद कर त्योहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
त्योहार की व्यवस्थाओं के लिए दो पर्यवेक्षणीय अधिकारी, चार सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, 19 जोनल मजिस्ट्रेट और 39 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए थे, जो अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहकर जुलूसों की निगरानी करते रहे। पुलिस अधीक्षक द्वारा अतिरिक्त पुलिस बल, थाना व चौकी प्रभारियों को सक्रिय रूप से तैनात किया गया था।
सुरक्षा की दृष्टि से ड्रोन कैमरों से भी लगातार निगरानी की गई, जिससे किसी भी आपराधिक अथवा शरारती गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई संभव रही।
मोहर्रम से पूर्व उदयन सभागार में ताजियादारों व संभ्रांत नागरिकों के साथ आयोजित बैठक में अधिकारियों ने आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की थी। साथ ही, उनकी समस्याओं का निस्तारण भी मौके पर संबंधित अधिकारियों से कराया गया।
त्योहार के आयोजन को सुरक्षित और स्वच्छ बनाने के लिए अधिशासी अभियंता द्वारा परंपरागत जुलूस मार्गों पर लटकते विद्युत तारों को ऊंचा कराया गया। इसके अतिरिक्त, अधिशासी अधिकारियों व जिला पंचायतराज अधिकारी द्वारा व्यापक साफ-सफाई अभियान भी चलाया गया।
प्रशासन और पुलिस की मुस्तैदी के चलते जनपद में मोहर्रम का त्योहार पूरी तरह शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसके लिए सभी समुदायों का सहयोग भी सराहनीय रहा।






