अफसर ने ‘वश में कर लिया मेरी पत्नी को’ — महिला सिपाही के पति की सीएम योगी से गुहार, जांच के आदेश जारी!

जन एक्सप्रेस /प्रयागराज: प्रयागराज से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है जहां आबकारी विभाग में तैनात महिला सिपाही के पति ने सीधे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर गंभीर आरोप लगाए हैं। पति ने आरोप लगाया है कि विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने उसकी पत्नी को “वश में कर लिया” है और अब वह परिवार टूटने की कगार पर पहुंच गया है।
क्या है पूरा मामला?
महिला सिपाही प्रयागराज आबकारी मुख्यालय में कार्यरत है। उसके पति ने 19 जून को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ को सीएम योगी के नाम संबोधित पत्र सौंपा। उसमें लिखा गया कि अधिकारी ने पद, पैसा और प्रभाव का इस्तेमाल कर उसकी पत्नी को अपने साथ अनैतिक संबंधों में फंसा लिया है।
पति का दावा है कि यह संबंध अब पूरे मुख्यालय में चर्चा का विषय बन चुका है, लेकिन जब वह शिकायत लेकर अधिकारियों तक पहुँचा, तो उसे मिलने तक नहीं दिया गया। इतना ही नहीं, अधिकारी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है, जिससे परिवार डरा हुआ है।
जांच के आदेश और आत्महत्या की चेतावनी
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने एडीएम सिटी सत्यम मिश्र को मजिस्ट्रेट जांच सौंप दी है। पत्र में पति ने यहां तक लिखा है कि यदि उसकी बात नहीं सुनी गई तो वह आबकारी मुख्यालय के गेट पर आत्महत्या कर लेगा। सूत्रों के मुताबिक, प्रशासन ने दोनों की पोस्टिंग 500 किलोमीटर दूर अलग-अलग स्थानों पर करने की संस्तुति दी है। वहीं आरोपी अधिकारी को लखनऊ ट्रांसफर कर दिया गया है और उन्हें वहीं से कार्य करने का निर्देश दिया गया है।
बीते साल भी हुआ था विवाद
यह मामला नया नहीं है। पिछले साल भी इसी मुद्दे को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि कार्यालय परिसर में ही मारपीट की नौबत आ गई थी। पति ने मुख्यालय आकर अपनी पत्नी पर हमला तक कर दिया था। प्रशासन की अगली कार्रवाई और मजिस्ट्रेट जांच की रिपोर्ट पर टिकी हैं सबकी निगाहें।






