UP Breaking NewsUP POLICEउत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ा, जीवनपुरवा-चियासर मार्ग पर बहने लगा बाढ़ का पानी

 

रिपोर्ट-बी जी मिश्र

जन एक्सप्रेस /हरदोई :-  गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से अरवल थाना क्षेत्र में बाढ़ की आहट तेज हो गई है। जीवनपुरवा-चियासर मार्ग पर बाढ़ का पानी बहने लगा है, जिससे ग्रामीणों की धुकधुकी बढ़ गई है।सुबह आठ बजे की रिपोर्ट के अनुसार राजघाट, हरदोई में गंगा का जलस्तर 125.680 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी बिंदु 125.310 मीटर से 37 सेंटीमीटर ऊपर है और खतरे के निशान 125.810 मीटर से महज 13 सेंटीमीटर नीचे है। जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी से तटवर्ती गांवों में भी चिंता बढ़ने लगी है।

रिपोर्ट के मुताबिक कन्नौज के मेहंदीघाट पर 124.900 मीटर तथा हरदोई के राजघाट पर 125.680 मीटर दर्ज किया गया। राजघाट का जलस्तर खतरे के निशान के बेहद करीब पहुंचने से प्रशासन और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।

वहीं गंगा नदी में जलप्रवाह बढ़ने का असर निचले इलाकों में दिखाई देने लगा है। अरवल थाना क्षेत्र के जीवनपुरवा-चियासर मार्ग पर बाढ़ का पानी बहने से आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बन गई है। मार्ग पर पानी बढ़ने से ग्रामीणों को आवागमन को लेकर चिंता सताने लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो आसपास के अन्य रास्तों और निचले इलाकों में भी पानी पहुंच सकता है। हरिद्वार से गंगा नदी में 1,06,380 क्यूसेक तथा नरौरा से 1,24,173 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की सूचना दर्ज की गई है। लगातार बढ़ते जलप्रवाह और जलस्तर को देखते हुए तटवर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाना जरूरी हो गया है।

सिंचाई विभाग की रिपोर्ट में रामगंगा नदी के भी विभिन्न गेज स्थलों पर जलस्तर दर्ज किया गया है। शाहजहांपुर के चौबारी घाट पर जलस्तर 158.700 मीटर, जबकि डबरी घाट पर 134.770 मीटर दर्ज किया गया। गर्रा नदी के मुमुक्ष आश्रम, शाहजहांपुर में जलस्तर 143.650 मीटर तथा सांडी में केंद्रीय जल आयोग साइट पर 127.650 मीटर दर्ज किया गया है।

गंगा के जलस्तर में हो रही लगातार वृद्धि को देखते हुए तटवर्ती गांवों के लोगों में चिंता बढ़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित मार्गों पर निगरानी बढ़ाने और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है, ताकि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में आवागमन एवं ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button