लाखामंडल ITI जल्द होगा संचालित, मंत्री सौरभ बहुगुणा ने दिया आश्वासन

जन एक्सप्रेस/विकासनगर :- विकासखंड चकराता के लाखामंडल में बंद पड़े आईटीआई को दोबारा संचालित करने की मांग को लेकर भाजपा से जुड़ी अभिनेत्री एवं लाखामंडल निवासी बचाना शर्मा ने मंगलवार को आईटीआई एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सौरभ बहुगुणा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उन्होंने लाखामंडल आईटीआई को जल्द से जल्द पुनः संचालित किए जाने की मांग की। बचाना शर्मा ने कहा कि आईटीआई बंद होने के कारण क्षेत्र के स्थानीय युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगारपरक प्रशिक्षण के लिए दूसरे क्षेत्रों का रुख करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि लाखामंडल में आईटीआई के दोबारा शुरू होने से क्षेत्र के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में तकनीकी और कौशल आधारित प्रशिक्षण मिल सकेगा। इससे उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर हासिल करने में मदद मिलेगी।
बचाना शर्मा के मुताबिक, वर्तमान में क्षेत्र के युवाओं को आईटीआई की पढ़ाई के लिए विकासनगर और देहरादून जाना पड़ रहा है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर तकनीकी शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होने से युवाओं को काफी राहत मिलेगी।
ज्ञापन पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री सौरभ बहुगुणा ने आश्वासन दिया कि लाखामंडल आईटीआई को जल्द ही संचालित किया जाएगा।
इस अवसर पर ओम प्रकाश भी मौजूद रहे।






