
जन एक्सप्रेस/नई टिहरी :- जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत चल रही नोटिस और सुनवाई की कार्रवाई को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने SIR के तहत जारी नोटिस, सुनवाई और प्रकरणों के निस्तारण की प्रगति की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि SIR के तहत सभी पात्र मतदाताओं को सुनवाई का अवसर सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी प्रकरणों के निस्तारण की प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने राजनीतिक दलों से प्रक्रिया में सहयोग करने और अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं को जागरूक करने की अपील की।
43,625 मतदाताओं को लेकर कार्रवाई
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में प्रारूप निर्वाचक नामावली से हटाए गए कुल 43,625 मतदाताओं के संबंध में कार्रवाई की जा रही है। वहीं विसंगति एवं अनमैप श्रेणी के कुल 1,17,501 मतदाताओं को निर्वाचन विभाग की ओर से नोटिस भेजे जा चुके हैं।
संबंधित मामलों में सभी विधानसभा क्षेत्रों में सुनवाई की कार्रवाई जारी है। 31 अगस्त को सुनवाई की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी प्रकरणों का निस्तारण किया जाना है।
अब तक 34,406 प्रकरणों की सुनवाई पूरी
जनपद में अब तक कुल 34,406 प्रकरणों की सुनवाई पूरी की जा चुकी है। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार घनसाली में 2,697, देवप्रयाग में 8,423, नरेंद्रनगर में 6,462, प्रतापनगर में 3,675, टिहरी में 5,053 और धनोल्टी में 8,096 प्रकरणों की सुनवाई पूरी हो चुकी है।
बैठक में फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 से संबंधित कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में बीएलओ की भूमिका महत्वपूर्ण है।
नए मतदाताओं के नाम जोड़ने पर जोर
एडीओ पंचायत निर्वाचन विजय तिवारी ने बताया कि फॉर्म-6 के माध्यम से नए पात्र मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में जोड़ने की प्रक्रिया के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना जरूरी है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में फॉर्म-6 को लेकर मतदाताओं को जागरूक करने की अपील की, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
बैठक में कांग्रेस प्रतिनिधि गब्बर सिंह, भाजपा मीडिया प्रभारी राजेंद्र डोभाल, जयेंद्र पंवार, एडीओ पंचायत निर्वाचन विजय तिवारी, डीडीओ मो. असलम, प्रशासनिक अधिकारी जवाहर सिंह सहित संबंधित अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।






