
जन एक्सप्रेस /पुरोला :- प्रखंड नौगांव के सुनारा गांव में पर्यावरण संरक्षण को लेकर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। एचसीएल फाउंडेशन, इंटैक और नमामि गंगे के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
इस दौरान देवदार, बांज, कचनार, थुनेर, भीमल, पदम, रिंगाल और तेजपत्ता समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें संरक्षित कर पेड़ बनने तक नियमित देखभाल करना भी जरूरी है।
वक्ताओं ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में बांज और देवदार जैसे वृक्ष पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ जलस्रोतों के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सामूहिक प्रयासों के माध्यम से ही पर्यावरण संरक्षण को जनअभियान का रूप दिया जा सकता है।
ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया गया। बताया गया कि विश्व पर्यावरण दिवस और हरेला पर्व के अवसर पर भी इंटैक, एचसीएल फाउंडेशन एवं नमामि गंगे की ओर से संगोष्ठी और पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया था।
कार्यक्रम में उप प्रधान दीपिका रमोला, वन रक्षक मंगल सिंह, इंटैक के सीनियर प्रोजेक्ट ऑफिसर ध्रुव शाह, ऋतिक सिंह, फील्ड अधिकारी टीसी रमोला, केयरटेकर कौशल्या, पूर्णी देवी, मंजली, बचनी देवी, राजू देवी, विनिता, नीलम, दर्शनी और वंदना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण करने का संकल्प लिया।






