utrakhandउत्तरकाशीटिहरी

टिहरी में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज, 12 अगस्त से शुरू होंगे विशेष कार्यक्रम

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :-  स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य और गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित कार्यालय कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस से जुड़े कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

12 अगस्त को चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के सभी प्रमुख स्थानों पर 12 अगस्त को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। इसके लिए सभी उपजिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों और अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थल चयनित करने के निर्देश दिए गए।

अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही स्वच्छता अभियान से पहले और बाद की तस्वीरें अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

13 अगस्त को निकलेगी तिरंगा रैली

बैठक में बताया गया कि 13 अगस्त को तिरंगा रैली डाइजर से शुरू होकर हनुमान चौक, मुख्य बाजार, साईं चौक होते हुए बौराड़ी तक जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को रैली के रूट पर सुचारू यातायात व्यवस्था के साथ एंबुलेंस और मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस विभाग से आवश्यक समन्वय करने को कहा गया।

14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस

14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस जनसहभागिता के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी, दो मिनट का मौन, वृत्तचित्र प्रदर्शन, श्रद्धांजलि और कैंडल मार्च आयोजित किए जाएंगे।

विद्यालयों और महाविद्यालयों में भाषण, निबंध, वाद-विवाद और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

शहर में साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था पर जोर

मुख्य विकास अधिकारी ने नगर पालिका को शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा शहीद स्मारक की साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर में स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था समेत सभी व्यवस्थाएं बेहतर नजर आनी चाहिए।

स्वास्थ्य विभाग को तिरंगा रैली के दौरान एंबुलेंस और चिकित्सकीय टीम उपलब्ध कराने के साथ ही ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

14 और 15 अगस्त को रोशन होंगे सरकारी भवन

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि 14 और 15 अगस्त को सरकारी एवं गैर-सरकारी भवनों को एलईडी लाइटों से रोशन किया जाए।

उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को सभी राजकीय कार्यालयों में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा, जबकि मुख्य कार्यक्रम स्थल प्रताप इंटर कॉलेज में मुख्य अतिथि द्वारा सुबह 9:30 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा।

‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत होगा पौधरोपण

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चयनित स्थलों और अमृत सरोवरों में पौधरोपण कराने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

मुख्य कार्यक्रम स्थल और तहसीलों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित करने के लिए संबंधित उपजिलाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला विकास अधिकारी मो. असलम, अधिशासी अभियंता लोनिवि दीपक कुमार, जिला युवा कल्याण अधिकारी रवींद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button