देश

बंगाल में पुलिस के निचले स्तर पर है भारी भ्रष्टाचार, मुख्यमंत्री के निर्देश पर शुरू हुई जांच

कोलकाता । पश्चिम बंगाल में पुलिस के निचले स्तर पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहे हैं। इसकी पुख्ता जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश पर जांच शुरू हुई है। एक बड़े अधिकारी शुक्रवार को ये जानकारी दी। ममता बनर्जी ने गुरुवार शाम राज्य पुलिस के निचले स्तर के अधिकारियों और कर्मचारियों में भ्रष्टाचार की मौजूदगी को स्वीकार किया। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि इस तरह के भ्रष्टाचार से राज्य की छवि खराब होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक नेताओं को हमेशा भ्रष्टाचार के लिए दोषी ठहराया जाता है। अगर कोई नेता केवल पांच रुपये का भ्रष्टाचार करता है, तो उसे 550 रूपए के रूप में पेश किया जाता है। हालांकि, नेता जनता को धोखा देने से पहले दस बार सोचते हैं। लेकिन पुलिस बल के कुछ निचले स्तर के अधिकारी और कर्मचारी भ्रष्टाचार में लिप्त होते हैं, जिससे राज्य की बदनामी होती है।

ममता बनर्जी ने बताया कि राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान को मजबूत करने के लिए जल्द ही सीआईडी और भ्रष्टाचार विरोधी शाखा (एसीबी) में बड़े बदलाव किए जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिया है कि किसी भी शिकायत के बाद जांच अधिकारी तुरंत मामले की जांच करें और आरोप सही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने राज्य पुलिस को रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया है ताकि पड़ोसी राज्यों से बंगाल में अवैध हथियारों की तस्करी रोकी जा सके। इसके साथ ही, अंतर्राज्यीय सीमाओं पर कड़ी निगरानी और सतर्कता बरतने के आदेश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button