
देहरादून, जन एक्सप्रेस।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को देहरादून के प्रेमनगर बाजार पहुंचे, जहां उन्होंने GST बचत उत्सव के तहत व्यापारियों से मुलाकात की और नए जीएसटी स्लैब पर सीधा फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री ने व्यापारियों से आग्रह किया कि वे आम नागरिकों को भी जीएसटी में हुई कटौती की जानकारी दें ताकि इसका सीधा लाभ जनता को मिल सके।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए कहा, “हमें मिलकर भारत की आत्मनिर्भरता को मजबूत करना है। जब हम स्थानीय उत्पाद खरीदते हैं, तो हम अपने समाज, अपने प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाते हैं।”
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री धामी की जोड़ी को “भरोसेमंद नेतृत्व” करार देते हुए कहा कि यह जोड़ी विकास, सुरक्षा और आर्थिक स्थिरता के रास्ते पर उत्तराखंड को आगे बढ़ा रही है।मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार हमेशा व्यापारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और हर संभव प्रयास करेगी कि नीतियों का लाभ सीधे जमीन तक पहुंचे।






