उत्तर प्रदेशहाथरस

हाथरस में सम्पूर्ण समाधान दिवस: मंडलायुक्त संगीता सिंह ने सुनी जनसमस्याएं

जन एक्सप्रेस/हाथरस: जनपद हाथरस की सासनी तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में मंडलायुक्त अलीगढ़ मंडल संगीता सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का भी निरीक्षण किया गया।मंडलायुक्त के जनपद आगमन पर जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया, जबकि गार्ड ऑफ ऑनर द्वारा सलामी दी गई।

समाधान दिवस के दौरान मंडलायुक्त ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आमजन की शिकायतों का पारदर्शी, संवेदनशील और प्रभावी तरीके से समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल निस्तारण नहीं, बल्कि शिकायतों का संतोषजनक समाधान होना अधिक जरूरी है, ताकि उनकी पुनरावृत्ति न हो।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए और पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिले। साथ ही, जिन मामलों में न्यायालय में विचाराधीन प्रकरण हैं, उनमें शिकायतकर्ताओं को स्पष्ट जानकारी दी जाए, जिससे अनावश्यक भ्रम से बचा जा सके।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के स्टॉल का अवलोकन किया और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों द्वारा तैयार मिलेट्स (श्रीअन्न) से बने खाद्य पदार्थों का स्वाद लिया। उन्होंने मिलेट्स को पोषण सुरक्षा और स्वस्थ जीवनशैली के लिए महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन लाभार्थियों को पट्टे आवंटित किए गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर वास्तविक कब्जा दिलाया जाए और राजस्व विभाग ऐसे मामलों का विशेष अभियान चलाकर निस्तारण करे।

शिकायतों का विवरण:

  • सासनी तहसील: 82 शिकायतें, 16 का मौके पर निस्तारण
  • हाथरस तहसील: 53 शिकायतें, 4 का निस्तारण
  • सादाबाद तहसील: 29 शिकायतें, 2 का निस्तारण
  • सिकंदराराऊ तहसील: 92 शिकायतें, 2 का निस्तारण

कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि मंडलायुक्त के निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाएगा और सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी, पुलिस अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button