utrakhandपुरोला

पुरोला में बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की मांग, व्यापार मंडल ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

जन एक्सप्रेस /पुरोला :-नगर क्षेत्र में बाहरी व्यक्तियों के बढ़ते आवागमन और बिना सत्यापन व्यापार शुरू किए जाने की शिकायत को लेकर व्यापार मंडल ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। सोमवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित पंवार के नेतृत्व में व्यापारियों ने एसडीएम मुकेश रमोला को ज्ञापन सौंपकर नगर में रह रहे बाहरी व्यक्तियों का व्यापक सत्यापन कराने की मांग उठाई।

ज्ञापन में कहा गया कि पिछले कुछ समय से बाहरी क्षेत्रों के लोग पुरोला नगर में दुकान खोलकर स्थायी अथवा अस्थायी रूप से निवास कर रहे हैं। इन व्यक्तियों की गतिविधियों, उद्देश्य और प्रशासनिक सत्यापन की जानकारी स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों को उपलब्ध नहीं है, जिससे नगर की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है।

व्यापार मंडल ने यह भी बताया कि पूर्व में प्रशासन और व्यापारियों के बीच सहमति बनी थी कि बिना प्रशासनिक सत्यापन और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी किए कोई भी बाहरी व्यक्ति नगर क्षेत्र में व्यापार शुरू नहीं करेगा। इसके बावजूद लगातार नए बाहरी व्यक्तियों के नगर में आकर बसने और व्यापार करने की सूचनाएं मिल रही हैं।

ज्ञापन में मांग की गई कि सभी बाहरी व्यक्तियों का गहन सत्यापन कराया जाए। यदि कोई व्यक्ति नियमों के विपरीत पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि नगर की शांति, सुरक्षा और स्थानीय लोगों का विश्वास कायम रहे।

इस संबंध में एसडीएम मुकेश रमोला ने संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर दुकान स्वामियों की जानकारी पुलिस के माध्यम से जुटाने के निर्देश दिए हैं।

ज्ञापन सौंपने वालों में व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित पंवार के अलावा बलदेव रावत, राजेश नोडियाल, राजेन्द्र तोमर और धनवीर नेगी सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button