स्व. अखिलेश सिंह की 61वीं जयंती पर श्रद्धांजलि सभा
शिक्षा और पत्रकारिता में योगदान को किया गया याद

जन एक्सप्रेस/हरदोई: श्री डाल सिंह मेमोरियल स्कूल के संस्थापक संरक्षक, ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन लखनऊ मंडल के पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय अखिलेश सिंह की 61वीं जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनकी पत्नी पूर्णिमा सिंह सहित परिवारजनों, विद्यालय परिवार और पत्रकार साथियों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने स्व. अखिलेश सिंह के शिक्षा एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा ग्रामीण क्षेत्रों और समाज के वंचित वर्गों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उनकी निष्पक्ष पत्रकारिता और समाज के प्रति समर्पण आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है।
वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए कार्यों का लाभ आज भी क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को मिल रहा है। उनके आदर्श, मूल्य और समाजसेवा की भावना नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक बनी हुई है।
विद्यालय परिवार के सदस्यों ने उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। वहीं पत्रकार साथियों ने उनके सरल स्वभाव, निष्पक्ष सोच और सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर पूर्णिमा सिंह, बड़े पुत्र मुकुल सिंह आशा, विद्यालय प्रबंधक मुकेश सिंह, पौत्र राघव सिंह, विद्यालय प्रधानाचार्या भूमिका सिंह सहित परिवारजन, पत्रकार साथी एवं विद्यालय स्टाफ के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।





