utrakhandहरिद्वार

देव संस्कृति विश्वविद्यालय के दो विभागाध्यक्ष उत्तराखण्ड एक्सीलेंस अवॉर्ड-2026 से सम्मानित

जन एक्सप्रेस /हरिद्वार:- देव संस्कृति विश्वविद्यालय (देसंविवि) ने शिक्षा जगत में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए उत्तराखण्ड एक्सीलेंस अवॉर्ड-2026 (सीजन-5) में विशेष सम्मान प्राप्त किया। देहरादून में वैदिक इंटरनेशनल प्रमोटर्स सोसायटी द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में विश्वविद्यालय के दो विभागाध्यक्षों को शिक्षा, नवाचार और मूल्यपरक शिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. स्मिता वशिष्ठ तथा एनीमेशन विभाग की विभागाध्यक्ष सुश्री कावेरी बाली को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक नेतृत्व, नवाचारपूर्ण पहल, विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में उल्लेखनीय योगदान के लिए उत्तराखण्ड एक्सीलेंस अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर शिक्षा, सामाजिक सेवा, उद्योग, नवाचार और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले कई शिक्षाविदों और समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद दोनों विभागाध्यक्षों ने देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक जीवन-दृष्टि और आधुनिक शिक्षा के समन्वय के माध्यम से ऐसे विद्यार्थियों का निर्माण कर रहा है, जो समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।

डॉ. स्मिता वशिष्ठ और सुश्री कावेरी बाली ने इस सम्मान को विश्वविद्यालय की गुणवत्ता आधारित शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और मूल्यनिष्ठ शिक्षण के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय विश्वविद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और अपने सहयोगियों को दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button