अपराधउत्तर प्रदेशधर्मबहराइच

अज्ञात व्यक्ति ने मुस्लिम समुदाय के मकान में लगाई आग, जलकर राख

ताजिएदारों ने कार्रवाई की मांग को लेकर किया प्रदर्शन, रोका जुलूस

जन एक्सप्रेस/संवाददाता 

कैसरगंज, बहराइच। शनिवार की दोपहर बाद थाना क्षेत्र के सोनारी महुरी गांव निवासी एक ग्रामीण के मकान में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। जिससे फूस का पूरा मकान जलकर राख हो गया। इसकी जानकारी होते ही गांव के मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मुकदमा दर्ज करवाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ताजिया रोक दिया। सभी ने प्रशासन मुर्दाबाद की नारेबाजी करते हुए ताजिया ले जाने से इंकार कर दिया। दो घंटे की मान मनौवल के बाद सभी ताजिया लेकर कर्बला की ओर रवाना हुए।

घटना कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत सोनारी के मजरा महुरी निवासी इदू पुत्र वली मोहम्मद नामक व्यक्ति के मकान में शनिवार दोपहर को अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। उसी समय ताजियादार अपनी ताजिया कर्बला के लिए ले जा रहे थे। अज्ञात कारणों से लगी आग में बाइक समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया।

इसकी जानकारी जब ताजिएदारों को हुई तो सभी ने ताजिया रख कर पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। गांव के लोगों ने पुलिस को घटना से अवगत कराया। कोतवाल राजनाथ सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंचे। लोगों को समझाया बुझाया लेकिन ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।

प्रशासन के आश्वासन के बाद दफनाए गई ताजिया

इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक के साथ उप जिलाधिकारी पंकज कुमार दीक्षित को दी गई। एसपी प्रशांत कुमार वर्मा तत्काल एसडीएम और सीओ कमलेश कुमार सिंह के साथ मौके पर पहुंचे।

एसपी ने ग्रामीणों से वार्ता कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद वह चले गए। लेकिन ताजियेदारों ने आरोपी के गिरफ्तारी की मांग करते हुए ताजिया कर्बला ले जाने से इंकार कर दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी और एसडीएम के काफी प्रयास के बाद सभी ताजिएदार शांत हुए और ताजिया कर्बला की ओर ले गए।

इस मामले में कोतवाल राजनाथ सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि ग्रामीण ने बाबू पुत्र मदन और अज्जू पुत्र गुड्डू के विरुद्ध तहरीर दी है। मकान में आग किसने लगाई, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र के सोनारी गांव में मकान में आग लगाने की घटना से अफरा तफरी मच गई। ताजियादारों द्वारा ताजिया कर्बला ले जाने से इंकार कर दिया। इस निर्णय से प्रशासनिक अमला हलकान हो गया। हालांकि दो घंटे के प्रयास के बाद सभी शांत हुए। मौके पर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button