गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी का चित्रकूट में जोरदार स्वागत
गांव गांव में जैविक खेती के लिए किसानों को करेंगे प्रोत्साहित और देंगे प्रशिक्षण: श्याम बिहारी गुप्त

जन एक्सप्रेस/ चित्रकूट: उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता का चित्रकूट आगमन पर भाजपा नेताओं और स्थानीय लोगों ने डाक बंगला में गर्मजोशी से स्वागत किया। गुप्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था में सुधार के साथ-साथ आध्यात्मिक प्रचार ने भारतीय संस्कृति को नई पहचान दी है।
जैविक खेती को मिलेगा बढ़ावा
श्याम बिहारी गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में गौ माता के संरक्षण के लिए सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि अब गौमूत्र और गोबर से जीवा खाद बनाकर जैविक खेती को प्रोत्साहन दिया जाएगा। चित्रकूट के लोढवारा गांव में जीवा खाद निर्माण की शुरुआत करते हुए उन्होंने किसानों को प्रशिक्षण देने और जैविक खेती से जोड़ने की बात कही। उनका लक्ष्य है कि जहरमुक्त खाद्य उत्पादन को बढ़ावा दिया जाए।
स्थानीय समस्याओं पर चर्चा
इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की समस्याओं को रखा। एसडीएम कॉलोनी के पद्मेंद्र त्रिपाठी ने सड़क, बिजली और जल निकासी की समस्याओं के समाधान के लिए पत्र दिया। वहीं, सभासद शंकर यादव ने अरछा बरेठी गांव में नदी किनारों को पक्का करने की मांग की, ताकि बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत मिल सके।
अन्ना गायों की समस्या पर विशेष ध्यान
किसानों और सड़क सुरक्षा के लिए अन्ना गोवंश की समस्या पर भी चर्चा हुई। गुप्ता ने इस दिशा में प्रभावी कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार गौशालाओं के माध्यम से इस समस्या का समाधान करेगी। इस मौके पर उपस्थित सभी लोगों ने गुप्ता का माल्यार्पण और सम्मान किया।