utrakhandटिहरी

यूपीसीएल के एमडी पी.सी. ध्यानी ने किया चंबा विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने चंबा स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारी संगठनों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने विद्युत उपकेंद्र की कार्यप्रणाली, नियंत्रण कक्ष, विद्युत उपकरणों, अनुरक्षण कार्य, सुरक्षा व्यवस्था तथा विद्युत आपूर्ति प्रणाली का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने उपकेंद्र के रखरखाव एवं व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की।

पी.सी. ध्यानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को निर्बाध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने विद्युत कर्मियों को फील्ड सेफ्टी किट और टूल किट वितरित की। साथ ही उन्होंने ठेकेदार के माध्यम से कार्यरत मीटर रीडरों और लाइन स्टाफ का वेतन प्रत्येक माह की 7 तारीख तक उनके बैंक खातों में जमा कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने विभागीय, संविदा एवं ठेका कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की। इसके अलावा चंबा उपखंड कार्यालय की मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इस अवसर पर मुख्य अभियंता एन.एस. बिष्ट, अधीक्षण अभियंता गौरव शर्मा, अधिशासी अभियंता दीपक आर्य, उपखंड अधिकारी अशोक कुमार, अवर अभियंता एस.पी. राणा सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button