ग्राम चौपाल में पहुंचे जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल, ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश

जन एक्सप्रेस/कौशांबी – जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने मंगलवार को *“गांव की समस्या, गांव में समाधान”* अभियान के तहत विकास खण्ड नेवादा की ग्राम-जरैनी में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।ग्राम चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने लाभार्थियों से पुष्टाहार, पेंशन, शौचालय, राशन, कन्या सुमंगला योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे और छूटे हुए सभी लाभार्थियों को शीघ्र लाभान्वित किया जाए।शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, पाठ्य पुस्तकों के वितरण एवं शिक्षण कार्य की स्थिति के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि शिक्षक समय से विद्यालय आते हैं और शिक्षण कार्य सुचारू रूप से हो रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने खण्ड शिक्षा अधिकारी को शेष बच्चों के अभिभावकों के खातों में धनराशि शीघ्र हस्तांतरित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान ग्रामीणों ने नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में संतोषजनक सुविधाएं उपलब्ध होने की बात कही। पशुपालन विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पशुओं के टीकाकरण हेतु कैम्प आयोजित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों की प्रगति की जानकारी लेते हुए बी.एम.एम. एवं खण्ड विकास अधिकारी को नए समूह गठित कराने तथा महिलाओं को लघु उद्योगों, उत्पाद निर्माण, ब्राण्डिंग एवं मार्केटिंग के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।उन्होंने ग्राम में खेल का मैदान विकसित करने हेतु भूमि चिन्हित करने के निर्देश खण्ड विकास अधिकारी को दिए।मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे में ग्राम के 24 पात्र लाभार्थी चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें शीघ्र ही योजना का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील भी की।जल निगम के अधिशासी अभियंता ने जानकारी दी कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम में जून 2026 से जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी।ग्रामवासियों ने सायं के समय विद्युत कटौती की समस्या उठाई, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को रोस्टर का अवलोकन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।ग्राम चौपाल में मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।






