utrakhandउत्तरकाशीपुरोला

उत्तरकाशी: सड़क बंद होने पर ग्रामीणों ने बीमार महिला को 5 किमी डंडी-कंडी से पहुंचाया अस्पताल, हालत स्थिर

जन एक्सप्रेस | पुरोला :-  उत्तरकाशी जिले के मोरी विकासखंड स्थित रेक्चा गांव में सड़क बंद होने के कारण एक बीमार महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को डंडी-कंडी का सहारा लेना पड़ा। ग्रामीणों ने महिला को लगभग पांच किलोमीटर पैदल बेंचा पुल तक पहुंचाया, जहां से हंस फाउंडेशन की एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।

जानकारी के अनुसार रेक्चा गांव निवासी सपना, पत्नी आनंद सिंह, की तबीयत अचानक बिगड़ गई। गांव तक सड़क मार्ग बंद होने के कारण कोई वाहन नहीं पहुंच सका, जिससे परिजनों में चिंता का माहौल बन गया।

ग्रामीण संतोष सिंह ने बताया कि पिछले लगभग एक सप्ताह से सड़क बंद होने के कारण गांव का संपर्क प्रभावित है। ऐसे में ग्रामीणों ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए महिला को डंडी-कंडी के सहारे करीब पांच किलोमीटर पैदल बेंचा पुल तक पहुंचाया। वहां से हंस फाउंडेशन की एंबुलेंस सेवा ने महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी पहुंचाया।

ग्रामीणों ने बताया कि पीड़ित महिला का दो माह का शिशु भी है। सड़क बंद होने के कारण क्षेत्र में मरीजों, गर्भवती महिलाओं और अन्य जरूरतमंद लोगों को अस्पताल पहुंचाना बेहद कठिन हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क खोलने की मांग की है ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को राहत मिल सके।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी के प्रभारी डॉ. नितेश रावत ने बताया कि महिला का उपचार जारी है और उसकी स्थिति स्थिर है। उन्होंने कहा कि फिलहाल महिला खतरे से बाहर है।

क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते नाले और खाले उफान पर हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। ओसला–गंगाड़, जखोल–लिवाड़ी सहित कई मार्गों पर यात्रा जोखिमभरी बनी हुई है। दूसरी ओर पीएमजीएसवाई विभाग के सहायक अभियंता सुभाष दोरियाल ने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी मशीनें लगाकर सड़क खोलने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन लगातार बारिश के कारण यातायात बहाल करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button