मिशन शक्ति फेज-5 के तहत महिलाओं को किया जागरूक
साइबर ठगी से बचाव और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

जन एक्सप्रेस/हरपालपुर: मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत थाना हरपालपुर पुलिस द्वारा कस्बा हरपालपुर में महिलाओं के लिए जागरूकता बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर महिलाओं को जागरूक किया गया।
हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
बैठक में महिलाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
पुलिसकर्मियों ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन साइबर ठगी होती है तो बिना किसी देरी के साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। समय रहते शिकायत करने से संबंधित मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।
महिलाओं को अधिकारों के प्रति किया जागरूक
महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। पुलिस ने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में महिलाएं तत्काल पुलिस से संपर्क करें।
कार्यक्रम में महिला आरक्षी आशा, महिला आरक्षी संध्या और रिक्रूट महिला आरक्षी हेमा ने महिलाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने और किसी भी समस्या की स्थिति में सामने आने के लिए प्रेरित किया।
मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य
मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों और उपलब्ध सहायता तंत्र के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जा रहा है। हरपालपुर में आयोजित बैठक में भी महिलाओं को साइबर अपराध और महिला सुरक्षा से जुड़े जरूरी उपायों की जानकारी दी गई।
-बी जी मिश्र






