
जन एक्सप्रेस /नानकमत्ता :- ग्राम ऐंचता बिहीं स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय को उच्चीकृत करने की मांग को लेकर शुक्रवार को उप तहसील नानकमत्ता परिसर में ग्रामीणों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व नानकमत्ता विधायक गोपाल सिंह राणा ने किया।धरने में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, विद्यालय के अभिभावक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय की स्थापना के बाद से अब तक इसका उच्चीकरण नहीं हुआ है। कक्षा आठ के बाद बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए करीब 5 से 6 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार इससे विशेषकर बालिकाओं की शिक्षा प्रभावित हो रही है और कुछ बच्चे आगे की पढ़ाई जारी नहीं रख पा रहे हैं।
धरना-प्रदर्शन के बाद नायब तहसीलदार नानकमत्ता नरेंद्र गहतोड़ी के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में विद्यालय को शीघ्र उच्चीकृत करने की मांग की गई।ग्रामीणों के अनुसार इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी को भी अवगत कराया गया है। उन्होंने प्रस्ताव शासन को भेजने का आश्वासन दिया है।ग्रामीणों ने मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।






