उत्तर प्रदेशमहराजगंज

नेपाल: चितवन में बाढ़ का खतरा, मनकामना मंदिर के लिए केबलकार बंद

जन एक्सप्रेस/महराजगंज : भारत का पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के रसुवा जिले से आई बाढ़ के भोटेकोशी होते हुए त्रिशूली नदी की ओर बढ़ने के बाद चितवन में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए मनकामना केबलकार का संचालन बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे सुरक्षा कारणों से रोक दिया गया। एहतियाती कदम के बाद केबलकार सेवा पूरी तरह बंद कर दी गई है।
प्रसिद्ध मनकामना मंदिर का केबलकार के डीजीएम उज्ज्वल शेरचन ने बताया कि फिलहाल बाढ़ का पानी केबलकार के संचालन क्षेत्र तक नहीं पहुंचा है, लेकिन जलस्तर में संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर सेवा बंद करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इधर, बाढ़ के कारण नेपाल के प्रमुख मार्गों में शामिल पृथ्वीराजमार्ग पर भी यातायात प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। अचानक आई बाढ़ और लगातार बढ़ते जलस्तर को लेकर स्थानीय लोगों के साथ-साथ यात्रियों में भी चिंता का माहौल है।
प्रशासन और संबंधित सुरक्षा एवं राहत एजेंसियां बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। जलस्तर में और बढ़ोतरी होने की स्थिति में प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन रोकने तथा लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button