
जन एक्सप्रेस /पुरोला :- कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद रामलीला मैदान के शुद्धीकरण को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के कथित बयान पर कांग्रेस ने कड़ी नाराजगी जताई है। सोमवार को कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष धिरेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने मुख्य बाजार में रैली निकाल कर बाजार पुलिस चौकी में धरना प्रदर्शन कर तहरीर दी । तहरीर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट की सक्षम धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 08 अगस्त 2026 को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मल्लिकार्जुन खरगे की मौजूदगी के बाद रामलीला मैदान के शुद्धीकरण संबंधी बयान दिया गया। कांग्रेस का आरोप है कि इस बयान से अनुसूचित जाति समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता का अधिकार देता है। जाति, धर्म, लिंग या वर्ग के आधार पर किसी भी प्रकार का भेदभाव संविधान की मूल भावना के विरुद्ध है। तहरीर में कहा गया है कि जातिवादी सोच सामाजिक समरसता, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करती है।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया कि महेंद्र भट्ट द्वारा दिया गया कथित बयान राजनीतिक मर्यादाओं के साथ-साथ संवैधानिक पदों की गरिमा पर भी सवाल खड़ा करता है। कांग्रेस ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संवैधानिक पद पर आसीन नेता के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले कृत्य को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर महेंद्र भट्ट के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने तथा एससी-एसटी एक्ट की सक्षम धाराओं में कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। धरना प्रदर्शन में ब्लाक अध्यक्ष धीरेंद्र नेगी, नपाध्यक्ष अध्यक्ष बिहारी लाल शाह, पूर्व अध्यक्ष हरिमोहन नेगी,कबीदंर असवाल, हरिमोहन जुंवाठा, प्रकाश कुमार, प्रकाश चंद्र, रामलाल विश्वकर्मा, शिशपाल, रमेश,आशा, राजुली बत्रा, सुलोचना, आदि लोग मौजूद रहे।






