भाजपा विधायक रानू सिंह के भतीजे पर जानलेवा हमला,विद्यालय के पास कूड़ा डालने व जानवर बांधने पर हुआ विवाद विवाद

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई जनपद के सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र में विद्यालय के बाहर कूड़ा डालने और रास्ते में जानवर बांधने को लेकर शुरू हुआ विवाद बुधवार को अचानक हिंसक हो गया। भाजपा विधायक कुंवर माधवेंद्र प्रताप सिंह ‘रानू’ के भतीजे और रानी इंद्र कुंवरि विद्यालय के प्रबंधक अजीत प्रताप सिंह उर्फ विवेक सिंह पर हमला किए जाने से इलाके में तनाव फैल गया। घटना के दौरान हवाई फायरिंग की सूचना ने भी लोगों में दहशत पैदा कर दी।परिजनों के मुताबिक, विद्यालय के आसपास गंदगी फैलाने और रास्ते में जानवर बांधने को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार को भी विवेक सिंह ने विद्यालय के सामने कूड़ा डालने का विरोध किया था। आरोप है कि बुधवार को जब वह विद्यालय पहुंचे तो वहां दोबारा गंदगी पड़ी मिली। इस पर उन्होंने विरोध जताया, जिसके बाद पहले से मौजूद लोगों से उनका विवाद हो गया।परिजनों ने समाजवादी पार्टी की जिला पंचायत सदस्य रजनी पाल, उनके ससुर जागेश्वर पाल समेत अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विवाद बढ़ने के बाद विवेक सिंह के साथ मारपीट की गई और धारदार हथियार से भी हमला किया गया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई।
तहरीर और साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी
पुलिस के अनुसार, मौके पर हवाई फायरिंग की सूचना मिली है। पुलिस का कहना है कि विपक्षी पक्ष की ओर से छत से ईंट आदि फेंककर विवेक सिंह के सिर पर प्रहार किया गया, जिससे उन्हें चोट लगी। घटना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सवायजपुर ले जाया गया।प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें हरदोई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि, परिजन उन्हें रानी कटियारी स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद सिर में चोट की पुष्टि की और स्पष्ट किया कि विवेक सिंह को गोली नहीं लगी है। पुलिस के अनुसार उनकी हालत फिलहाल सामान्य है।घायल को जिला अस्पताल ले जाकर मेडिकल संबंधी वैधानिक कार्रवाई कराई जा रही है। पुलिस ने अजीत प्रताप सिंह उर्फ विवेक सिंह और जागेश्वर पाल के बीच विवाद होने की पुष्टि की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर और सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस सतर्क है और कानून-व्यवस्था सामान्य बनाए रखने के लिए निगरानी की जा रही है।






