महराजगंज में दही बेचने निकले अधेड़ की सड़क हादसे में मौत

जन एक्सप्रेस/ महराजगंज :- दही बेचने निकले एक अधेड़ की बुधवार सुबह सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा चंदन पुल के समीप बंद पड़े पेट्रोल पंप के पास हुआ। अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।जानकारी के अनुसार, भरवलिया बड़का टोला निवासी बुद्धिराम साहनी (65) बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे प्रतिदिन की तरह दही बेचने के लिए घर से निकले थे। वह चंदन पुल के पास बंद पड़े पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे ही थे कि इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुद्धिराम साहनी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर ठूठीबारी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की।कोतवाली प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस हादसे की जांच करते हुए फरार चालक की पहचान के प्रयास में जुटी है।



