राखी बांधने आई बहन, साथ लाई मौत का सामान!

जन एक्सप्रेस/हरदोई
जन एक्सप्रेस /हरदोई :- रक्षाबंधन का त्योहार एक परिवार के लिए जिंदगी भर का गम छोड़ गया। बहन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधने आई थी, लेकिन इसी दौरान घर में लाया गया जहरीला सांप भाई की मौत का कारण बन गया। पिहानी कस्बे के कटरा बाजार, भारतीय इंटर कालेज व सरस्वती शिशु मंदिर के सामने रहने वाले विनोद रस्तोगी पुत्र विजय रस्तोगी की शुक्रवार को सर्पदंश से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में हाहाकार मच गया।
बताया गया कि विनोद की बहन अनीता रस्तोगी और बहनोई राजू रस्तोगी निवासी बबराला, जिला संभल, रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधने पिहानी आए थे। राजू रस्तोगी घरों में निकलने वाले सांपों को पकड़ने का काम करते हैं। वह एक डिब्बे में काला नाग लेकर पिहानी आए थे।
परिजनों के अनुसार, विनोद सांप को देखकर उसके साथ हंसी-मजाक करने लगा। उसने नाग को हाथ में लपेट लिया। इसी दौरान सांप ने उसके हाथ में डंस लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी। बहनोई राजू उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पिहानी लेकर पहुंचे।
अस्पताल से बाद में ले गए झाड़-फूंक कराने
बताया गया कि सीएचसी ले जाने के बाद परिजन विनोद को झाड़-फूंक कराने के लिए कोतवाली क्षेत्र के थमरबा गांव ले गए। वहां उसकी हालत और बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। रक्षाबंधन की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं।
विनोद अविवाहित था। घटना की सूचना से मोहल्ले में भी हड़कंप मच गया। परिजनों के मुताबिक मृतक की मां किसी तरह की कार्रवाई नहीं चाहती हैं और पोस्टमार्टम भी नहीं कराना चाहतीं। परिवार के लोगों के बीच आपसी सहमति होने की बात भी सामने आई है।
सर्पदंश में झाड़-फूंक नहीं, तत्काल अस्पताल जरूरी
यह घटना लोगों के लिए बड़ी चेतावनी है। जहरीले सांप के काटने के बाद झाड़-फूंक, घरेलू उपचार या समय गंवाना जानलेवा साबित हो सकता है। सर्पदंश होने पर पीड़ित को शांत रखते हुए बिना देरी किए नजदीकी अस्पताल ले जाना चाहिए। सांप को पकड़ने या उसके साथ फोटो खिंचवाने अथवा हंसी-मजाक करने से भी बचना चाहिए।
रक्षाबंधन पर हुई यह घटना एक परिवार की खुशियां छीन गई। साथ ही यह संदेश भी दे गई कि सांप कितना भी नियंत्रित या पकड़ा हुआ क्यों न लगे, उसके साथ खिलवाड़ जानलेवा हो सकता है।






