utrakhandउत्तरकाशी

सितारगंज में चोरी की दो वारदातों का खुलासा, सात आरोपी गिरफ्तार

सुल्तान अंसारी,

जन एक्सप्रेस /सितारगंज :–  पुलिस ने चोरी से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक मामले में बंद पड़ी फैक्ट्री में चोरी की योजना बना रहे चार आरोपियों के कब्जे से दो चाकू, दो आलानकब, टॉर्च और चाबी का गुच्छा बरामद किया है। वहीं दूसरे मामले में चोरी की भैंस को छोटा हाथी वाहन में ले जा रहे तीन आरोपियों को पकड़ा गया है। पुलिस ने भैंस और घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में अपराध एवं चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने केआरई इंजीनियरिंग कंपनी सिडकुल के पास खंडहर में बंद पड़ी फैक्ट्री में चोरी की योजना बना रहे चार लोगों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। तलाशी में उनके पास से दो धारदार रामपुरी चाकू, दो आलानकब, टॉर्च, चाबी का गुच्छा, बीड़ी का बंडल और माचिस बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने फैक्ट्री में चोरी की योजना बनाने की बात स्वीकार की। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपाल विश्वास निवासी टैगोर नंबर चार शक्तिफार्म, टोनी मंडल उर्फ गौतम निवासी वार्ड नंबर सात शक्तिफार्म तथा मंतोष मंडल और निमई विश्वास निवासी बैकुण्ठपुर नंबर एक शक्तिफार्म के रूप में हुई है।

दूसरे मामले में चौमेला निवासी जलीस अहमद ने 28 अगस्त को अपनी भैंस चोरी होने की सूचना पुलिस को दी थी। तलाश के दौरान नकुलिया-सितारगंज मार्ग पर शुक्ला फार्म के पास कुछ लोगों ने भैंस को छोटा हाथी वाहन संख्या यूके04सीबी-0504 में ले जाते देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सिडकुल चौकी पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने भैंस चोरी कर उसे बेचने और रकम आपस में बांटने की योजना की बात स्वीकार की। पूछताछ में दानिश कुरैशी नाम के एक अन्य व्यक्ति के बारे में भी जानकारी सामने आई, जिस पर आरोपियों को भैंस चोरी के लिए लालच देने तथा मौके से मोटरसाइकिल से फरार होने की बात कही गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अयान अली निवासी वार्ड नंबर 06 सितारगंज, साजिम निवासी बघौरी तथा अयान निवासी इस्लामनगर वार्ड नंबर 03 सितारगंज के रूप में हुई है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, उप निरीक्षक जगदीश चन्द्र तिवारी, अपर उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह दानू, हेड कांस्टेबल कुन्दन सिंह, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह और कांस्टेबल कमल गहतोड़ी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button