हरदोई में बारिश बनी काल – कच्ची दीवार गिरने से मलबे में दबे बुजुर्ग की मौत

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस /हरदोई :- हरदोई में संडीला कोतवाली क्षेत्र के कुरना टिमरुख गांव में दर्दनाक हादसा हो गया। घर की बाहरी कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। इसके मलबे में दबकर 60 वर्षीय रामविलास पुत्र सरजू की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

बताया गया कि रामविलास बुधवार सुबह अपने घर के बाहर छप्पर के नीचे बैठे थे। इसी दौरान अचानक घर की बाहरी दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। दीवार के मलबे में रामविलास दब गए। हादसा होते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर दौड़े और आनन-फानन मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

ग्रामीणों के मुताबिक, क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है, जिसके चलते कच्ची दीवारें कमजोर हो गई हैं। इसी के चलते यह हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। रामविलास की पत्नी की कई साल पहले मौत हो चुकी है।उनके परिवार में दो बेटे राजेंद्र कुमार और गौतम कुमार हैं। बुजुर्ग की मौत से दोनों बेटों समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

