हाथरस में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ, महिलाओं को मिलेगी मुफ्त बस यात्रा

जन एक्सप्रेस/हाथरस :- रक्षाबंधन के अवसर पर हाथरस में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ किया गया। सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
योजना के तहत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश रोडवेज की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। रक्षाबंधन के अवसर पर माताओं, बहनों और बेटियों को सहयात्री सहित मुफ्त बस यात्रा का लाभ भी दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को साड़ी और मिठाई वितरित कर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी गईं। विधायक अंजुला सिंह माहौर और जिलाधिकारी अतुल वत्स ने महिलाओं से संवाद कर योजना के उद्देश्य और सुविधाओं के बारे में जानकारी साझा की।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण
हाथरस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। महिलाओं ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना और योजना से जुड़ी जानकारी हासिल की।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने महिलाओं को योजना का लाभ लेने और सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी।






