utrakhandउत्तरकाशी

हापुड़ बस स्टेशन से सकुशल बरामद हुईं सितारगंज से लापता तीन छात्राएं

जन एक्सप्रेस /सितारगंज :-  स्कूल जाने के लिए घर से निकलीं तीन नाबालिग छात्राओं के लापता होने के मामले में सितारगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को हापुड़ बस स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में छात्राओं ने पुलिस को बताया कि वे दिल्ली घूमने के इरादे से घर से निकली थीं।

जानकारी के अनुसार, तीन सितंबर को तीनों छात्राएं स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन छुट्टी के बाद वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश की। काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं चलने पर देर रात पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देश और पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागकशी के आधार पर संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को छात्राओं के हापुड़ पहुंचने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस और परिजनों के संयुक्त प्रयास से करीब 24 घंटे के भीतर तीनों छात्राओं को हापुड़ बस स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया गया।

पूछताछ में छात्राओं ने बताया कि वे दिल्ली घूमने के उद्देश्य से घर से निकली थीं। छात्राओं के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।
सफल बरामदगी में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जाविद मलिक, अपर उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह दानू, हेड कांस्टेबल मतलूब खान और कांस्टेबल कमल गहतोड़ी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button