utrakhandउत्तरकाशीहेल्थ

काशीपुर उप जिला अस्पताल में ‘जुगाड़’ के सहारे ऑपरेशन! 3 में 2 सक्शन मशीन खराब

जन एक्सप्रेस /काशीपुर :- एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं। अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में मौजूद तीन सक्शन मशीनों में से दो लंबे समय से खराब हैं, जबकि एकमात्र चालू मशीन भी बीच ऑपरेशन में जवाब दे देती है। ऐसे में चिकित्सकों को तार जोड़कर और जुगाड़ के सहारे ऑपरेशन करने पड़ रहे हैं।

अस्पताल में काशीपुर के अलावा जसपुर, बाजपुर, रामनगर और उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। यहां रोजाना करीब 8 से 10 ऑपरेशन किए जाते हैं। डॉक्टरों को खराब और कामचलाऊ मशीन के सहारे ऑपरेशन करना पड़ रहा है, जिससे मरीजों की सुरक्षा और उपचार प्रक्रिया को लेकर चिंता बढ़ गई है।

अस्पताल प्रबंधन समिति की ओर से 17 जून को सीडीओ के समक्ष भी यह गंभीर मामला उठाया गया था, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। बताया गया है कि नई सक्शन मशीन की कीमत करीब 25 से 30 हजार रुपये है, फिर भी अब तक इसकी खरीद नहीं हो सकी है। ओटी में रखे अन्य उपकरण भी पुराने होने के कारण तकनीकी खराबी की समस्या बनी रहती है।

स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े इस मामले में अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए खराब उपकरणों को तत्काल दुरुस्त कराने और आवश्यक नए उपकरण उपलब्ध कराने की जरूरत है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button