utrakhandउत्तरकाशी

तीन मोटर मार्गों के सुधारीकरण और डामरीकरण की तैयारी तेज।

जन एक्सप्रेस  /विकास नगर :- अस्थायी खंड लोक निर्माण विभाग चकराता क्षेत्र अंतर्गत जाड़ी-सिजला, लोखंडी-पीपरा-मिनस और भंगार मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण की तैयारी में जुट गया है। लोक निर्माण विभाग देहरादून के नौवें वृत्त के अधीक्षण अभियंता ओमपाल सिंह ने इन मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सड़क की स्थिति का जायजा लिया।
खड़ं के अधिशासी अभियंता विजय कुमार मोघा द्वारा स्थलीय निरीक्षण में बताया कि जाड़ी-सिजला मोटर मार्ग के 2.57 किलोमीटर हिस्से के सुधारीकरण एवं डामरीकरण प्रस्तावित है। निरीक्षण में मानसून और आपदा के कारण कई स्थानों पर सड़क की चौड़ाई कम होने की बात सामने आई। संकरे स्थानों और अंधे मोड़ों पर अतिरिक्त पहाड़ कटान, हेयरपिन बैंड के सुधार तथा सुरक्षा दीवार और पैरापिट निर्माण की आवश्यकता गई है।
वहीं लोखंडी-पीपरा-मिनस मोटर मार्ग के पीपरा की ओर से पांच किलोमीटर हिस्से के सुधारीकरण एवं डामरीकरण, बारिश और आपदा से मार्ग के किनारे क्षतिग्रस्त होने के कारण कई स्थानों पर सड़क संकरी हो गई है। मार्ग के सुधार से बायला, बुल्हाड़, बागनी और बेगी गांवों को लाभ मिलेगा। मार्ग पर अतिरिक्त पहाड़ कटान, हेयरपिन बैंड के सुधार, स्कपर और सुरक्षा दीवारों का प्रावधान किया जाना प्रस्तावित है।भंगार मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के लिए भी विभाग ने निरीक्षण किया है। दो किलोमीटर लंबे इस मार्ग के कई हिस्से बारिश और आपदा से प्रभावित हुए हैं। मार्ग को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त पहाड़ कटान, हेयरपिन बैंड का सुधार, स्कपरों की संख्या बढ़ाने, सुरक्षा दीवार एवं पैरापिट निर्माण का प्रस्ताव किया गया है।
निरीक्षण रिपोर्ट में तीनों मोटर मार्गों पर डामरीकरण और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के साथ क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत एवं सड़क की चौड़ाई मानकों के अनुरूप करने पर जोर दिया गया है। प्रस्तावित कार्य होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा मिलने की उम्मीद है। स्थलीय निरिक्षण के दौरान सहायक अभियंता सचिन अशोक, अपर सहा अभियंता प्रशांत कुमार आदि मौजूद रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button